Top 5 This Week

Related Posts

BREAKING

NAGPUR : खाना बनाने से इनकार पर विवाद, पत्नी की मौत; पति गिरफ्तार !

Desk | nagpur

नागपुर में घरेलू विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, पत्नी की मौत के मामले में पति गिरफ्तार  नागपुर : मानकापुर थाना क्षेत्र के झंगाबाई टाकली स्थित साईं नगर के गोविंद सिटी परिसर से घरेलू विवाद का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। डांस क्लास जाने को लेकर खाना बनाने से कथित तौर पर इनकार करने के बाद पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट में पत्नी की जान चली गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।  मृतका की पहचान 38 वर्षीय यामिनी कृष्ण लाल यादव के रूप में हुई है। वहीं आरोपी पति की पहचान 41 वर्षीय कृष्ण लाल यादव के तौर पर हुई है। दंपति के दो बच्चे हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय दोनों बच्चे भी घर में मौजूद थे।  जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन कृष्ण लाल काम से घर लौटा था। उसने पत्नी यामिनी से अपने और बच्चों के लिए खाना बनाने को कहा। हालांकि, यामिनी सोसाइटी परिसर में चल रही डांस क्लास में जाने की तैयारी कर रही थी। उसने खाना बनाने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।  पुलिस के अनुसार, देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि कृष्ण लाल ने यामिनी के गले और पेट पर हाथ से वार किए। पुलिस का यह भी कहना है कि इस दौरान यामिनी ने भी पति के साथ हाथापाई की थी। घटना के वक्त आरोपी के शराब के नशे में होने की बात भी सामने आई है।  मारपीट के बाद यामिनी ने गले और पेट में दर्द की शिकायत की और पति से पेनकिलर लाने के लिए कहा। कृष्ण लाल दवा लेने मेडिकल स्टोर पहुंचा, लेकिन दुकान बंद होने के कारण वह बिना दवा लिए वापस घर लौट आया।  इसके बाद यामिनी की तबीयत लगातार बिगड़ती गई। पेट में लगी अंदरूनी चोट के कारण उसकी आंत को गंभीर नुकसान पहुंचा। हालत गंभीर होने पर कृष्ण लाल उसे मानकापुर स्थित मैक्स अस्पताल लेकर पहुंचा। अस्पताल में उपचार के दौरान यामिनी की मौत हो गई।  शुरुआत में पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया था और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेयो अस्पताल भेजा गया। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई चोटों ने मामले को नया मोड़ दे दिया।

रिपोर्ट के मुताबिक, यामिनी के गले की हड्डी में फ्रैक्चर और पेट की आंत में गंभीर चोट पाई गई, जिसके चलते पुलिस को मामले में संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने पति कृष्ण लाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सामने आए घटनाक्रम के आधार पर पुलिस ने कथित मारपीट के संबंध में उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया।  पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मामूली घरेलू विवाद से शुरू हुई यह घटना आखिरकार महिला की मौत और हत्या के मामले तक पहुंच गई। खास बात यह है कि यह पूरी घटना दंपति के दो बच्चों के सामने हुई, जिसने इस मामले को और भी गंभीर बना दिया है। घटना के बाद इलाके में भी सनसनी फैल गई है।