Desk | Wardha
चालक-परिचालक समेत सात घायल, मामा-भाचा दरगाह के पास भीषण हादसा चालक का नियंत्रण छूटने से तेज रफ्तार एसटी बस सामने जा रहे रोलर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोलर के दो टुकड़े हो गए और बस सड़क किनारे खेत में जा घुसी। इस हादसे में बस चालक-परिचालक समेत कुल सात लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना नागपुर-तुलजापुर महामार्ग पर पवनार के पास मामा-भाचा दरगाह के नजदीक दोपहर करीब साढ़े तीन से चार बजे के बीच हुई। जानकारी के अनुसार नागपुर से नांदेड़ जा रही एसटी बस (क्रमांक एमएच 14 एलएक्स 8939) वर्धा मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान एक रोलर भी वर्धा की ओर जा रहा था।
अचानक बस चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और तेज रफ्तार बस ने रोलर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रोलर के दो हिस्से हो गए और वह सड़क पर आड़ा होकर गिर पड़ा। इस दुर्घटना में रोलर चालक कन्नाके तथा बस के पीछे बाइक से वर्धा जा रहे पवनार निवासी प्रीतम बोरकर (26) गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा बस चालक, परिचालक और तीन यात्री भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को तुरंत सावंगी स्पताल में भर्ती कराया गया। देर रात तक अन्य घायलों के नाम सामने नहीं आ सके थे। बड़ा हादसा टला, कुएं के पास जाकर रुकी बस टक्कर के बाद बस सीधे सड़क किनारे खेत में जा घुसी। सामने एक बड़ा कुआं था, लेकिन सौभाग्य से बस कुएं से कुछ दूरी पहले ही रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हादसे की जानकारी मिलते ही पवनार के नागरिकों और महामार्ग से गुजर रहे लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बस से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर सेवाग्राम पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। थाना प्रभारी नागेशकुमार चतरकर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। रोलर सड़क पर आड़ा गिर जाने से कुछ समय तक महामार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
