Top 5 This Week

Related Posts

NAGPUR : कंटेनर चालक ने ही उड़ाए 641 लैपटॉप और टैबलेट

Desk | Nagpur

एलसीबी और पारशिवनी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, राजस्थान से तीन आरोपी गिरफ्तार कंटेनर चालक और क्लीनर ने 641 लैपटॉप और टैबलेट तय स्थान तक पहुंचाने के बजाय रास्ते में ही चोरी कर लिए। इस सनसनीखेज मामले का खुलासा होने के बाद स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) और पारशिवनी पुलिस की संयुक्त टीम ने राजस्थान पुलिस की मदद से तीन आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 5 करोड़ 72 लाख 2 हजार 699 रुपये के माल में से 4 करोड़ 19 लाख 2 हजार 915 रुपये का सामान बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में कंटेनर चालक अरशद सुबेदीन खान (47), क्लीनर साजिद असलूफ खान (30) और अजहरुद्दीन उर्फ हजरुद्दीन इद्रिस (28) शामिल हैं।

तीनों आरोपी राजस्थान के भरतपुर और डिग जिले के निवासी बताए गए हैं। जानकारी के अनुसार, लालसिंह ढिल्लन की ट्रांसपोर्ट कंपनी को ब्ल्यू डार्ट कंपनी से चेन्नई (तमिलनाडु) से बिलासपुर (छत्तीसगढ़) तक लैपटॉप और टैबलेट पहुंचाने का ऑर्डर मिला था। इसके लिए आरजे-03/जेई-1212 नंबर के कंटेनर में 641 लैपटॉप और टैबलेट लोड किए गए थे। कंटेनर चालक अरशद और क्लीनर साजिद माल लेकर चेन्नई से बिलासपुर के लिए निकले थे। रास्ते में नागपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पारशिवनी तहसील के डुमरी क्षेत्र स्थित एक ढाबे के पास कंटेनर खड़ा किया गया। कुछ समय बाद चालक ने दावा किया कि कंटेनर से 641 लैपटॉप, टैबलेट और एलईडी डिफ्यूजर सहित कुल 5 करोड़ 72 लाख 2 हजार 699 रुपये का सामान चोरी हो गया है।

हालांकि पुलिस जांच में मामला संदिग्ध पाया गया। तकनीकी जांच और समानांतर जांच के दौरान पुलिस को चालक और क्लीनर पर शक हुआ। जांच में खुलासा हुआ कि चोरी की पूरी साजिश चालक और उसके साथियों ने ही रची थी। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एलसीबी और पारशिवनी पुलिस की टीम ने तकनीकी जानकारी के आधार पर राजस्थान में छापेमारी कर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 करोड़ 14 लाख 2 हजार 915 रुपये कीमत के 464 लैपटॉप और टैबलेट तथा 5 लाख रुपये कीमत की एक कार बरामद की है। कुल मिलाकर 4 करोड़ 19 लाख 2 हजार 915 रुपये का माल जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले में कुल 9 आरोपी शामिल हैं। इनमें से 3 को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी 6 आरोपी फरार हैं। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने यह भी बताया कि इन आरोपियों पर राजस्थान समेत अन्य राज्यों में भी गंभीर अपराध दर्ज हैं।