Top 5 This Week

Related Posts

BREAKING

AMRAVATI : कुत्तों के बढ़ते हमलों के बीच नगर पालिका ने उठाया बड़ा कदम.

Desk | amravati

खामगांव: शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सड़कों और मोहल्लों में घूम रहे आवारा कुत्तों के कारण नागरिकों में दहशत का माहौल है। इसी बीच शहर के बर्थडे प्लॉट स्थित मक्का मस्जिद के पास एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 4 नवंबर 2026 को शाम करीब 5 बजे एक आवारा कुत्ते ने चार वर्षीय मासूम बच्चे पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, चार वर्षीय सैयद जोहान मक्का मस्जिद के पास था। इसी दौरान अचानक एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने मासूम के चेहरे, मुंह और गले को बुरी तरह जख्मी कर दिया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद परिजन तुरंत बच्चे को इलाज के लिए शासकीय अस्पताल, खामगांव लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, चोटों की गंभीरता को देखते हुए उसे आगे के इलाज के लिए अकोला के शासकीय अस्पताल में रेफर कर दिया गया। फिलहाल मासूम सैयद जोहान का अकोला के अस्पताल में इलाज जारी है। इस घटना से परिवार में चिंता का माहौल है, वहीं शहरवासियों में भी भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। नगरसेविका फातिमा बी ने प्रशासन से की कार्रवाई की मांग इस दर्दनाक घटना के बाद पूर्व नगरसेवक मोहम्मद नईम की पत्नी एवं नगरसेविका फातिमा बी ने मामले को गंभीरता से उठाया है। उन्होंने नगर पालिका के मुख्याधिकारी और नगराध्यक्ष को पत्र सौंपकर शहर में बढ़ते आवारा कुत्तों के आतंक पर तत्काल नियंत्रण लगाने की मांग की। नगरसेविका की मांग पर मुख्याधिकारी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए आवारा कुत्तों को पकड़ने का ठेका एक निजी संस्था को सौंप दिया है। इस फैसले के बाद नागरिकों को उम्मीद है कि शहर में आवारा कुत्तों की समस्या से जल्द राहत मिलेगी। शहर के कई इलाकों में आवारा कुत्तों की दहशत गौरतलब है कि खामगांव शहर के विभिन्न मोहल्लों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी आवारा कुत्तों के झुंड के कारण लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। आए दिन कुत्तों के हमले और काटने की घटनाएं सामने आ रही हैं।

अस्पतालों में भी रोजाना कुत्तों के काटने के दर्जनों मामले पहुंच रहे हैं। लगातार बढ़ती इन घटनाओं ने नगर पालिका की आवारा कुत्तों पर नियंत्रण रखने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि निजी संस्था के माध्यम से शुरू होने वाली कार्रवाई कितनी प्रभावी साबित होती है और शहरवासियों को इस समस्या से कब तक राहत मिलती है।चार वर्षीय मासूम पर हुए इस हमले ने एक बार फिर आवारा कुत्तों की समस्या और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन के सामने गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है।