Desk | Nagpur
चार आरोपी हिरासत में सावनेर और हाईवे पुलिस की संयुक्त कार्रवाई नागपुर से बिहार जा रही एक निजी ट्रैवल्स बस में अवैध रूप से गांजे की तस्करी कर रहे चार आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। आरोपियों के पास से 20 किलो 245 ग्राम गांजा और नकद रकम सहित कुल 3 लाख 65 हजार रुपये का माल जब्त किया गया। यह कार्रवाई सावनेर पुलिस और महामार्ग पुलिस ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय राजमार्ग पर हेटी (ता. सावनेर) क्षेत्र में गुरुवार (28 मई) शाम करीब 6 बजे की। गिरफ्तार आरोपियों में गणेश राधेचरण कुशमंडी निवासी वार्ड क्रमांक 4, अर्जुन नगर, औबेदुल्लागंज, जिला रायसेन (मध्य प्रदेश), यश विक्रांत यादव निवासी आम्र विहार, कोलार, भोपाल, राजेश पप्पू मेहरा निवासी वार्ड क्रमांक 12, औबेदुल्लागंज, जिला रायसेन तथा तिलक बिंद्रावन अहिरवार निवासी वार्ड क्रमांक 11, औबेदुल्लागंज, जिला रायसेन (मध्य प्रदेश) शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, चारों आरोपी नागपुर से बिहार जा रही बी.आर. ट्रैव्हल्स कंपनी की बस क्रमांक BR-01/PS-0919 में सफर कर रहे थे।
बस नागपुर से पांढुर्णा की ओर जा रही थी। यात्रा के दौरान बस चालक और परिचालक को इन चारों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इसी दौरान हेटी क्षेत्र में हाईवे पुलिस द्वारा नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही थी। पुलिस ने जब चारों के बैगों की तलाशी ली तो उसमें गांजा जैसा पदार्थ मिला। पूछताछ और जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि वह गांजा ही था। इसके बाद सावनेर पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके पास से गांजा और अन्य सामग्री जब्त कर ली। इस कार्रवाई में पुलिस ने 3 लाख 47 हजार रुपये कीमत का 20 किलो 245 ग्राम गांजा तथा 18 हजार रुपये नकद सहित कुल 3 लाख 65 हजार रुपये का माल बरामद किया। हालांकि, आरोपी यह गांजा कहां से लाए थे और इसे कहां पहुंचाने वाले थे, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। पुलिस अब इस मामले में गांजे के मुख्य सप्लायर और पूरी तस्करी श्रृंखला की जांच कर रही है। पुलिस का मानना है कि इस नेटवर्क से जुड़े हर व्यक्ति तक पहुंचकर कार्रवाई करना जरूरी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ ड्रग्स एंड इकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट 1985 के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। देर रात तक सावनेर पुलिस थाने में अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी।
