Desk | Nagpur
मानेगांव शिवार में भीषण सड़क हादसा, युवक की मौत चालक को आई झपकी, ट्रक से टकराई तेज रफ्तार स्कॉर्पिओ नागपुर जिले के सावनेर पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत नागपुर-सावनेर महामार्ग पर मानेगांव शिवार में मंगलवार (26 मई) तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चालक का वाहन पर नियंत्रण छूटने से तेज रफ्तार स्कॉर्पिओ सामने चल रहे भारी वाहन के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। इस भीषण टक्कर में स्कॉर्पिओ में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। वाहन की हालत देखकर पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों ने आशंका जताई है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। मृत युवक की पहचान समर्थ विनोद कुमरे (22, निवासी भुरकी, तहसील वणी, जिला यवतमाल) के रूप में हुई है।
वहीं, गंभीर रूप से घायल चालक का नाम समाचार लिखे जाने तक सामने नहीं आ सका। हादसे में वाहन में सवार अन्य कुछ युवक भी मामूली रूप से घायल हुए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, समर्थ अपने दोस्तों के साथ एमएच-11/सीजी-7952 नंबर की स्कॉर्पिओ से भुरकी गांव से मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के जामसावली स्थित प्रसिद्ध बजरंगबली मंदिर में दर्शन के लिए निकले थे। सभी युवक सोमवार देर रात यात्रा पर रवाना हुए थे। लगातार रातभर सफर करने के कारण वाहन में बैठे अधिकांश युवक गहरी नींद में थे। मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे जब स्कॉर्पिओ मानेगांव शिवार स्थित फ्लाईओवर के पास पहुंची, तभी चालक को झपकी आ गई और उसका वाहन से नियंत्रण छूट गया। नियंत्रण खोते ही स्कॉर्पिओ तेज गति से सामने चल रहे ट्रक के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पिओ का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि समर्थ चालक के ठीक पीछे वाली सीट पर बैठा था। हादसे के समय यदि वह दूसरी दिशा में थोड़ा भी खिसक जाता तो संभवतः उसकी जान बच सकती थी, लेकिन नींद में होने के कारण वह संभल नहीं पाया और गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य युवकों को मामूली चोटें लगीं। घटना की जानकारी मिलते ही सावनेर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा कर जांच शुरू की। पुलिस ने हितेश बन्सोड की सहायता से मृतक समर्थ के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, घायलों को उपचार के लिए सावनेर शहर के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक युवक के गांव भुरकी में शोक का माहौल है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है और मामले की आगे जांच कर रही है।
