Top 5 This Week

Related Posts

BHANDARA : कामगारों का रास्ता रोको आंदोलन स्थगित

Desk | Bhandara

मॉयल प्रशासन से जुड़ी विभिन्न लंबित मांगों और कामगारों की समस्याओं को लेकर 18 मई को नागपुर स्थित मॉयल मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कामगार प्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच कई अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। लंबे समय से प्रलंबित मांगों को लेकर कामगारों में नाराजगी देखी जा रही थी, जिसके चलते 29 मई को रास्ता रोको आंदोलन की घोषणा की गई थी। हालांकि प्रशासन स्तर पर हुई सकारात्मक चर्चा और मिले आश्वासन के बाद आंदोलन को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। बैठक में मॉयल मुख्य कार्यालय नागपुर की एचआर अधिकारी उषा सिंह विशेष रूप से उपस्थित थीं। उन्होंने प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि कामगारों से जुड़े कई मामलों को उच्चस्तरीय बोर्ड के समक्ष भेज दिया गया है और उन पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन की ओर से दिए गए इस आश्वासन के बाद कामगार संगठनों ने फिलहाल आंदोलन को टालते हुए प्रशासन को कुछ समय देने का निर्णय लिया। बैठक के दौरान प्रतिनिधियों ने जोर देकर कहा कि बोर्ड स्तर पर लंबित सभी मामलों में लिखित और सकारात्मक निर्णय लिया जाए, ताकि प्रभावित कामगारों, कर्मचारियों और उनके परिवारों को न्याय मिल सके। प्रतिनिधियों ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल मौखिक आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि समस्याओं का स्थायी समाधान जरूरी है।

कंत्राटी कामगारों को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने और नियमित पेमेंट स्लिप जारी करने जैसे मुद्दे बैठक में प्रमुख रूप से उठाए गए। कामगारों का कहना था कि लंबे समय से कई कर्मचारियों को मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। पेमेंट स्लिप नहीं मिलने से कई श्रमिकों को बैंकिंग और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही पेमेंट स्लिप व्यवस्था लागू करने और चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा अन्य लंबित मामलों पर भी चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई करने की बात कही गई। प्रशासन के इस सकारात्मक रुख के बाद कामगार संगठनों ने फिलहाल आंदोलन स्थगित कर दिया है, लेकिन साथ ही चेतावनी भी दी है कि यदि तय समय में मांगों पर अमल नहीं हुआ तो भविष्य में फिर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा। बैठक में सीतासावंगी के सरपंच प्रकाश धीकोडी, चिखला की सरपंच करुणा कोकोडे, ग्राम पंचायत सदस्य सौरभ पारधी, ऋषभ मेश्राम, उपसरपंच नदीम पाशा, परमेश ठाकूर, सोनू गुरुपंचाग, गौतम बोरकर, वामन गाढवे सहित कई पदाधिकारी और कामगार प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर कामगारों के अधिकारों और लंबित समस्याओं के जल्द समाधान की मांग उठाई।