Top 5 This Week

Related Posts

GADCHIROLI : धानोरा में बस हादसा : 18 घायल, 3 गंभीर

Desk | Gadchiroli

गड़चिरोली जिले के धानोरा-मुरूमगांव मार्ग पर रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। वडगांव के पास यात्रियों से भरी एक निजी ट्रैवल्स बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दुर्घटना में 18 यात्री घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी। जानकारी के अनुसार, सीजी 08 एम 0388 नंबर की निजी ट्रैवल्स बस दल्ली (छत्तीसगढ़) से गड़चिरोली की ओर जा रही थी। दोपहर करीब 12:45 बजे वडगांव के पास अचानक चालक का बस पर से नियंत्रण छूट गया और बस सड़क किनारे पलट गई। बस में चालक-परिचालक सहित कुल 36 यात्री सवार थे। हादसे के समय कई यात्री सीटों से उछलकर एक-दूसरे पर गिर पड़े, जिससे बस के भीतर हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही धानोरा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय नागरिकों और भाजपा पदाधिकारियों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।

ग्रामीणों ने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। घायल यात्रियों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गड़चिरोली जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इस दुर्घटना में नीलकंठ वाडके (58, मारोडा), चांदनी रामटेके (23, तोरगांव) तथा बस चालक रवी चावरे (35, दल्ली, छत्तीसगढ़) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं कृष निमगड़े, बंडू खोब्रागड़े, मिस्टी नरोटे, चांदनी साहू, पंचराम पटेल, देवदास झगराह, उदय देवगण, ललिता साहू, जानको पोया, लता नरोटे, भूपेंद्र साहू, गुलाबो पटेल, शेखर उईके, गोपीचंद कुणबी और प्रदीप गावडे समेत अन्य यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां सड़क की हालत बेहद खराब है।

खराब सड़क होने के कारण बस की रफ्तार ज्यादा नहीं थी, जिससे बड़ा जनहानि टल गई। बस पलटने के बाद पास के एक पेड़ से जा टकराई और वहीं अटक गई, वरना बस गहरे गड्ढे में जा सकती थी। इस बीच कई यात्रियों ने आरोप लगाया कि बस चालक ने शराब का सेवन किया हुआ था और लापरवाही से वाहन चला रहा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चालक के मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया भी की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।