Desk | Akola
आरोपी गिरफ्तार, चोरी की गाड़ी बरामद शहर में दिनदहाड़े हुई वाहन चोरी की घटना का खदान पुलिस ने महज छह घंटे में खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी की गई गाड़ी भी बरामद कर ली है। फरियादी अनिल नारायणदास अग्रवाल (निवासी गौरक्षण रोड, अकोला) ने 21 मई को खदान पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि खड़की अकोला स्थित उनकी दुकान के सामने खड़ी एमएच 30 एबी 3229 नंबर की गाड़ी अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। चोरी हुई गाड़ी की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।
शिकायत मिलते ही खदान पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने राहुल शंकर शिवरकर (24 वर्ष, निवासी अंबोडा, तहसील अकोट, वर्तमान निवासी धाबेकर नगर, खड़की अकोला) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने वाहन चोरी की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर धोत्रा शिंदे फाटा, तहसील मूर्तिजापुर क्षेत्र में छापा मारकर चोरी की गाड़ी बरामद कर ली। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बी. चंद्रकांत रेड्डी और उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुदर्शन पाटील के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक मनोज केदारे सहित कई पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
