Desk | Amravati
क्राइम ब्रांच की कार्रवाई : कई व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट भी रडार पर शहर में इन दिनों ‘ओपन बार’ संस्कृति तेजी से बढ़ती नजर आ रही है। होटल या परमिट रूम की बजाय सड़क किनारे, दुकानों और गाड़ियों पर ही लोगों को खुलेआम शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। ऐसे ही कुछ अवैध अड्डों पर शहर क्राइम ब्रांच ने गुरुवार रात एक साथ छापेमार कार्रवाई करते हुए शराबियों को जगह उपलब्ध कराने वालों पर शिकंजा कसा। फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र स्थित आदित्य वाइन शॉप के पास चल रहे “आहान अंडा एंड स्नैक्स सेंटर” और “जग गजानन गोटा न लग सेंटर” पर पुलिस ने दबिश दी।
यहां चखना और सोडा देने के बहाने लोगों को वहीं बैठकर शराब पीने की खुली सुविधा दी जा रही थी। इस मामले में पुलिस ने अमोल मोतीराम डाके, सोपान लक्ष्मण दुर्गे, करण सुदर्शन और आकाश राय (सभी निवासी अमरावती) को हिरासत में लिया है। चारों के खिलाफ महाराष्ट्र दारूबंदी कानून की धारा 68 के तहत मामला दर्ज किया गया है। क्राइम ब्रांच प्रमुख संदीप चव्हाण के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार शहर के कई इलाकों में शराबियों का खुलेआम हुड़दंग बढ़ता जा रहा है। कई व्यावसायिक संकुलों के बेसमेंट, वीएमवी रोड, शेगांव नाका, कंवर नगर, मोर्शी रोड, बडनेरा रोड, अकोली, कैंप क्षेत्र और कुछ मैदान भी ‘ओपन बार’ के प्रमुख अड्डे बन चुके हैं। पुलिस इससे पहले भी ऐसे स्थानों पर कार्रवाई कर चुकी है, लेकिन कुछ ही दिनों बाद ये अवैध अड्डे फिर शुरू हो जाते हैं। अब क्राइम ब्रांच ने दोबारा इन स्थानों पर कड़ी नजर रखना शुरू कर दिया है।
