Top 5 This Week

Related Posts

AKOLA : मानसून से पहले विदर्भ में आग बरसा रहा सूरज

Desk | Akola

एक तरफ मानसून के आगमन की आहट सुनाई दे रही है, वहीं विदर्भ में सूरज आग बरसा रहा है। भीषण गर्मी के कारण लोगों का हाल बेहाल हो गया है। जिले में लू लगने से अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे स्थिति की गंभीरता और बढ़ गई है। ऐसे में अब लोगों की निगाहें रोहिणी नक्षत्र की बारिश पर टिकी हैं। राज्य के अधिकांश हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से बढ़ती गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है। कुछ क्षेत्रों में तापमान में गिरावट की संभावना जताई जा रही है, लेकिन विदर्भ की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। मौसम विभाग ने अकोला, वर्धा और यवतमाल जिलों के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। अगले पांच दिनों तक तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

अकोला जिले में बुधवार को अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खास बात यह रही कि रात का तापमान भी खतरनाक स्तर तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस गर्मी की सबसे गर्म रात मानी जा रही है। 23 मई तक रेड अलर्ट अकोला जिले में बढ़ती गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने आज से 23 मई तक रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज गर्म हवाएं चलने और भीषण गर्मी बने रहने की संभावना है। इसके बाद 24 और 25 मई को ऑरेंज अलर्ट रहेगा। नवतपा में और बढ़ेगा कहर 25 मई से शुरू होने वाले नवतपा के दौरान तापमान में और बढ़ोतरी होने की आशंका जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार नागपुर, चंद्रपुर, अकोला, अमरावती और आसपास के क्षेत्रों में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से दोपहर में घर से बाहर न निकलने, अधिक पानी पीने और चाय-कॉफी की जगह नींबू पानी, छाछ और नारियल पानी जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने की अपील की है। गर्म रातों ने बढ़ाई परेशानी इस साल विदर्भ में रात का तापमान भी सामान्य से काफी ज्यादा बढ़ गया है।

जहां सामान्यतः न्यूनतम तापमान 20 से 27 डिग्री के बीच रहता है, वहीं अब यह 30 डिग्री के पार पहुंच गया है। अकोला में बुधवार को न्यूनतम तापमान 30.7 डिग्री दर्ज किया गया। लोगों का कहना है कि कूलर, पंखे और एसी चलने के बावजूद घरों में उमस और गर्मी महसूस हो रही है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पूर्व दिशा से आने वाली गर्म हवाओं की रफ्तार धीरे-धीरे कम हो रही है। समुद्र की ओर से आने वाली हवाएं स्थिर होने के कारण अगले कुछ दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में तापमान में थोड़ी राहत मिल सकती है। मानसून की रफ्तार तेज मानसून अंडमान पहुंच चुका है और 26 मई के आसपास केरल तट पर पहुंचने की संभावना है। इसके बाद 30 मई तक दक्षिण कोंकण और जून के पहले सप्ताह में मुंबई में मानसून के दस्तक देने का अनुमान मौसम विशेषज्ञों ने जताया है।