Top 5 This Week

Related Posts

BHANDARA : बाइक पेड़ से टकराई, दो छात्रों की मौत

Desk | Bhandara

पळसपानी-चांदोरी मार्ग पर दर्दनाक हादसा, सौंदड और अर्जुनी मोरगांव में शोक की लहर साकोली तहसील के पळसपानी-चांदोरी मार्ग पर गुरुवार शाम करीब 5 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में इंजीनियरिंग के दो छात्रों की मौत हो गई। शैक्षणिक दौरा समाप्त कर लौटते समय बाइक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बाइक सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में सौंदड निवासी कुणाल गोटफोडे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अर्जुनी मोरगांव निवासी महेश कामशेलवार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, कुणाल गोटफोडे और महेश कामशेलवार करंजेकर इंजीनियरिंग कॉलेज, साकोली में क्रमशः द्वितीय और तृतीय वर्ष में सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे। गुरुवार को कॉलेज की ओर से पालोरा में शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया था। भ्रमण समाप्त होने के बाद दोनों छात्र बाइक क्रमांक एमएच 36 एएन 5493 से साकोली लौट रहे थे।

इसी दौरान पळसपानी के सुंदरटोला मार्ग पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे स्थित करंजी के पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुणाल गोटफोडे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल महेश कामशेलवार को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी निखिल मेश्राम ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी और पुलिस प्रशासन को भी हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही साकोली पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा किया।

दोनों छात्रों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए साकोली उपजिला अस्पताल भेजा गया है। मामले की आगे की जांच पुलिस निरीक्षक तायवाडे के मार्गदर्शन में जारी है। हादसे की खबर मिलते ही दोनों छात्रों के परिजन साकोली उपजिला अस्पताल पहुंचे। अपने जवान बेटों के शव देखकर माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के विलाप से अस्पताल परिसर का माहौल भी गमगीन हो गया। उज्ज्वल भविष्य के सपने देखने वाले दोनों छात्रों की असमय मौत से सौंदड और अर्जुनी मोरगांव क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।