Top 5 This Week

Related Posts

NAGPUR : ससुराल जाकर पत्नी पर चाकू से वार

Desk | Nagpur

नागपुर में घरेलू विवाद ने उस समय खतरनाक रूप ले लिया, जब एक युवक ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए सास और ससुर पर भी आरोपी ने जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।  जानकारी के अनुसार, आरोपी की पत्नी पिछले कुछ दिनों से मायके में रह रही थी। दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था।

बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी पत्नी को वापस घर ले जाने के लिए  सुराल पहुंचा था, लेकिन वहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। पत्नी को बचाने के लिए जब उसके माता-पिता आगे आए, तब आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय नागरिकों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से पत्नी के साथ विवाद कर रहा था। घरेलू तनाव और आपसी मनमुटाव के चलते यह घटना सामने आई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने हमला पहले से योजना बनाकर किया था या अचानक गुस्से में यह कदम उठाया। अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है और उनकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।