Top 5 This Week

Related Posts

AKOLA : गैरेज के सामने खड़े वाहनों में भीषण आग

Desk | Akola

ट्रांसफॉर्मर में भी लगी आग, नागरिकों में दहशत शहर के वाशिम बायपास रोड स्थित बुद्ध नगरी इलाके में सोमवार सुबह भीषण आग लगने की घटना सामने आई। समीर गैरेज के सामने विद्युत ट्रांसफॉर्मर के पास खड़ी चारपहिया गाड़ी में अचानक आग लग गई, जो कुछ ही देर में आसपास खड़े अन्य वाहनों तक फैल गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। अग्निशमन दल ने समय रहते मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। वहीं नागरिकों ने भी तत्परता दिखाते हुए एक वाहन के शीशे तोड़कर उसे वहां से हटाया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 6:45 बजे गैरेज के सामने खड़ी एक चारपहिया गाड़ी से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते वाहन में आग भड़क उठी और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। वाहन ट्रांसफॉर्मर के पास खड़ा होने के कारण आग की लपटों ने ट्रांसफॉर्मर और बिजली के तारों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें तेजी से बढ़ने के कारण पास में खड़े अन्य वाहनों को भी खतरा पैदा हो गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत एक वाहन के शीशे तोड़कर उसे वहां से हटाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन विभाग के प्रमुख मनीष कथले के मार्गदर्शन में फायरमैन निखिल आपोतीकर, सचिन माहोरे, दिनेश वाघमारे तथा वाहन चालक धर्मकुमार वाकोडे तुरंत मौके पर पहुंचे।

अग्निशमन दल ने कड़ी मशक्कत के बाद कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। इससे आग को आसपास के अन्य वाहनों और दुकानों तक फैलने से रोकने में सफलता मिली। इस घटना की जानकारी उमेश इंगळे ने तुरंत अग्निशमन विभाग और पुलिस के 112 नंबर पर दी थी। समय पर सूचना मिलने से राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया और एक बड़ी दुर्घटना टल गई। प्राथमिक अनुमान के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या विद्युत व्यवस्था में खराबी माना जा रहा है।