Desk | Amravati
क्रिकेट विवाद में मासूम दोस्त की जान गई, मालीपुरा में हत्या, दूसरा युवक गंभीर भड़काऊ स्टेटस और क्रिकेट मैदान की हार-जीत की दुश्मनी एक युवक की जान पर भारी पड़ गई। व्हाट्सएप स्टेटस और इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर हुए विवाद में चाकू चल गया, जिसमें तेजस बिलबिले (24, निवासी मालीपुरा) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त कार्तिक बोराडे (24) गंभीर रूप से घायल हो गया। “झगड़ा किसी और का और जान किसी निर्दोष की गई” जैसी यह घटना 17 मई की रात करीब 10:30 बजे खोलापुरी गेट क्षेत्र के मालीपुरा स्थित झंडा चौक में हुई।
खोलापुरी गेट पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर 18 मई की सुबह हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। खास बात यह रही कि मामला दर्ज होने से पहले ही पीआई संदीप चव्हाण की “टीम क्राइम” ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तार आरोपियों के नाम आकाश राजू बेलसरे (27), उसके पिता राजू बेलसरे (58) और भाई वैभव राजू बेलसरे (25, तीनों निवासी मालीपुरा) हैं। अपराध शाखा की टीम ने तीनों को पहले ही हिरासत में ले लिया था। झंडा चौक में क्या हुआ? 17 मई की रात करीब 10 बजे तेजस खाना खाने के बाद घर के बाहर झंडा चौक में दोस्तों के साथ खड़ा था। वहां कार्तिक और वैभव के बीच सोशल मीडिया स्टेटस को लेकर बहस चल रही थी।
कार्तिक, वैभव से कह रहा था कि “तुम्हारा भाई आकाश हमेशा ताने मारने वाले स्टेटस लगाता है, उसे समझाओ।” इसी बात पर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। तभी वैभव के पिता राजू भी वहां पहुंच गए। इस दौरान आकाश बेलसरे को लगा कि कार्तिक और तेजस उसके पिता और भाई की पिटाई कर रहे हैं। गुस्से में आकाश घर गया और सब्जी काटने वाला चाकू लेकर कुछ ही पलों में झंडा चौक पहुंच गया।
क्रिकेट और स्टेटस की दुश्मनी आरोपी, मृतक और घायल युवक सभी मालीपुरा के निवासी हैं। उनके दो अलग-अलग क्रिकेट टीमें थीं और हर रविवार उनके बीच मैच खेले जाते थे। मैच के बाद आरोपी आकाश सोशल मीडिया पर विरोधी टीम को चिढ़ाने वाले स्टेटस डालता था, जैसे “कैसे हराया” आदि। इसी वजह से दोनों टीमों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था। तेजस पर अचानक हमला आकाश ने वहां खड़े बेसावधान तेजस की छाती के बाईं ओर चाकू से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने कार्तिक पर भी हमला कर उसकी छाती के दाईं ओर वार किया। बताया जा रहा है कि इस पूरे विवाद में तेजस का कोई सीधा संबंध नहीं था।
