Top 5 This Week

Related Posts

BREAKING

NAGPUR : हादसे में औषधि विक्रेता युवक की मौत

Desk | Nagpur

तेज रफ्तार के कारण चालक का कार से नियंत्रण हट गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद कार डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंची और सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में गंभीर रूप से घायल औषधि युवक की मौत हो गई। यह घटना रविवार (17 मई) की मध्यरात्रि नागपुर-सावनेर मार्ग पर दहेगांव (रंगारी) क्षेत्र में हुई। मृतक का नाम निखिल संजय चकोले (29, निवासी वलनी बस्ती, तहसील सावनेर) है।

वह नागपुर के दाभा क्षेत्र में “न्यू लाइफ केयर” नाम से मेडिकल स्टोर संचालित करता था। रविवार को अवकाश होने के कारण निखिल पूरे दिन घर पर था। रात में एक मरीज को तत्काल दवा पहुंचाने की आवश्यकता पड़ने पर डॉक्टर के फोन के बाद वह अपनी जिम्मेदारी निभाने घर से निकला। मरीज को दवा पहुंचाने और अन्य काम निपटाने के बाद रात करीब 10 बजे उसने मेडिकल स्टोर बंद किया। इसके बाद उसने अपनी मां को फोन कर बताया कि वह बाहर खाना खाकर घर लौट रहा है। रात करीब 1 बजे निखिल अपनी एमएच-40/सीएच-4765 नंबर की कार से नागपुर से दहेगांव रंगारी की ओर जा रहा था। इसी दौरान हाईवे पर कार से उसका नियंत्रण हट गया। अनियंत्रित कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर दूसरी लेन में जाकर सामने से आ रहे सीजी-07/बीजेड-8893 नंबर के ट्रक से जा भिड़ी।

हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और निखिल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही उसका मित्र अक्षय कोठीराम चौधरी मौके पर पहुंचा। मित्रों और खापरखेड़ा पुलिस की मदद से निखिल को तुरंत नागपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि निखिल ने करीब एक वर्ष पहले ही अपना मेडिकल स्टोर शुरू किया था। वह अपने व्यवसाय के माध्यम से परिवार की आर्थिक मदद कर रहा था। उसके पिता कोयला खदान में कर्मचारी हैं और अगले महीने सेवानिवृत्त होने वाले हैं। परिवार में माता-पिता, विवाहित बहन और भांजा हैं। घर के युवा सहारे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

इस हादसे ने एक बार फिर रात के सफर, तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर किया है। मामले में खापरखेड़ा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 106(1) तथा मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया है। आगे की जांच हेड कॉन्स्टेबल संदीप सगणे कर रहे हैं।