Top 5 This Week

Related Posts

BREAKING

GONDIA : सेंधमारी करने वाले शातिर चोर छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार

Desk | Gondia

शहर के सिविल लाइन क्षेत्र में हुई घरफोड़़ी की वारदात का खुलासा पुलिस ने महज चार घंटे में कर दिया। इस मामले में पुलिस ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग से तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी का कुछ सामान भी बरामद किया गया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार (15 मई) को गीता मुकेश तिवारी (52), निवासी सिविल लाइन, बीएसएनएल कार्यालय के पास, अपने परिवार के साथ बाहर गई हुई थीं।

इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी का लॉक तोड़कर घर में रखे 47 हजार रुपये नकद, 31 ग्राम सोने के आभूषण व सिक्के, चांदी के 10 सिक्के, चांदी का कप, सोने की पॉलिश वाला चांदी का हार, घड़ियां और तांबे का कड़ा सहित कुल 2 लाख 72 हजार 200 रुपये का माल चोरी कर लिया। इस मामले में शनिवार (16 मई) को शहर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 (अ) और 331 (4) के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक संजय तुपे कर रहे थे। इसी दौरान डीबी और चार्ली पथक ने रेलवे स्टेशन क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध आरोपी दुर्ग (छत्तीसगढ़) जाने वाली ट्रेन में सवार हुए हैं।

इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दुर्ग रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की मदद से आरोपियों को हिरासत में लिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे और उपविभागीय पुलिस अधिकारी रोहिणी बानकर के मार्गदर्शन में शहर पुलिस निरीक्षक किशोर पर्वते के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार आरोपियों में रितिक उर्फ अमन जगन्नाथ पाटील (27, निवासी कामठी, नागपुर), बादल संजय संतापे (27, निवासी कामठी, नागपुर) और सुनील दशरथ मेश्राम (48, निवासी कामठी, नागपुर) शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथी जाफर मुज्जफर शेख के साथ मिलकर चोरी करने की बात कबूल की है। हालांकि जाफर शेख फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।