Desk | Amravati
1.18 लाख रुपये का माल जब्त, स्थानीय अपराध शाखा की बड़ी कार्रवाई
अमरावती जिले में स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 7.190 ग्राम एमडी ड्रग्स, एक दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन सहित कुल 1 लाख 18 हजार 870 रुपये का माल जब्त किया गया। यह कार्रवाई शनिवार 16 मई की मध्यरात्रि के बाद चांदूर बाजार–वलगांव मार्ग स्थित खरवाड़ी फाटे के पास की गई।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनवेज शहा शरीफ शहा (18), फिदा हुसेन उर्फ राजा झाकीर हुसेन (22) और साद अहमद मुस्ताक अहमद (18) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी चांदूर बाजार क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अमरावती से एमडी ड्रग्स लेकर चांदूर बाजार लौटने वाले हैं। सूचना के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने खरवाड़ी फाटे के पास जाल बिछाकर तीनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 7.190 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एमडी ड्रग्स, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन सहित कुल 1 लाख 18 हजार 870 रुपये का माल जब्त किया। इस मामले में चांदूर बाजार पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक किरण वानखडे के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में पुलिस उपनिरीक्षक सागर हटवार, सचिन मिश्रा, रवींद्र बावणे, बळवंत दाभणे, भूषण पेठे, पंकज फाटे, प्रशिक वानखडे तथा चांदूर बाजार के सहायक पुलिस निरीक्षक विष्णू पांडे शामिल रहे।
