Desk | bhandara
भंडारा : महाराष्ट्र के भंडारा जिले में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों ने ग्रामीणों और किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जिले के पालांदूर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कई गांवों के आसपास स्थित संरक्षित और आरक्षित वन क्षेत्रों में बाघ, तेंदुए, भालू सहित अन्य जंगली जानवरों का विचरण बढ़ने की जानकारी सामने आई है। लगातार बढ़ती वन्यजीवों की हलचल को देखते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों और किसानों को सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही अनावश्यक रूप से जंगल में जाने से बचने की सलाह दी गई है। जानकारी के अनुसार, देवरी, सायगांव, सानगांव, गोंदी, बिडरखेड़ा, मन्हेगांव और बाकल सहित आसपास के गांवों से लगे वन क्षेत्रों में जंगली जानवरों की गतिविधियां बढ़ी हैं। इन इलाकों में बाघ, तेंदुए और भालुओं की मौजूदगी की खबरों से स्थानीय नागरिकों में डर का माहौल है। विशेष रूप से खेतों और जंगलों के आसपास काम करने वाले किसानों तथा ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है। वन विभाग के अनुसार, बीट देवरी/हमेशा (कक्ष क्रमांक 293 और 309) तथा बीट किटाडी-2 (कक्ष क्रमांक 299, 207 और 208) के वन क्षेत्रों में वन्यप्राणियों की मौजूदगी और मानवीय गतिविधियों के कारण किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसलिए वन विभाग ने इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। महिला पर तेंदुए का हमला, पहले भी सामने आ चुकी हैं घटनाएं वन्यजीवों के बढ़ते खतरे के बीच हाल ही में पिलांदी क्षेत्र में एक महिला पर तेंदुए ने हमला कर उसे घायल कर दिया था। बताया गया कि महिला शौच के लिए गई थी, तभी तेंदुए ने उस पर झपट्टा मार दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और बढ़ गई है। पिछले कुछ महीनों से इस इलाके में बाघ, तेंदुए और भालुओं की गतिविधियां लगातार बढ़ने की बात सामने आ रही है। इससे ग्रामीणों और किसानों की चिंता और गहरी हो गई है। ग्राम पंचायतों से भी सतर्कता बरतने की अपील वन्यप्राणियों के हमलों में लोगों की जान बचाने और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए वन विभाग ने संबंधित ग्राम पंचायतों से भी सहयोग मांगा है। ग्राम पंचायतों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने गांव के नागरिकों और किसानों को जंगल में जाने से बचने के लिए जागरूक करें। इसके अलावा जंगल की ओर जाने वाले रास्तों और संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने तथा लोगों को सतर्क रहने की जानकारी देने की मांग की गई है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले जंगल या वन क्षेत्र में न जाएं। विशेष रूप से सुबह और शाम के समय अतिरिक्त सावधानी बरतें। जंगल के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचें और जंगली जानवर दिखाई देने पर उनके पास जाने या उन्हें परेशान करने की कोशिश न करें।
वन विभाग की अपील का पालन करना जरूरी वन परिक्षेत्र अधिकारी योगेश शर्मा, क्षेत्र सहायक विजय राऊत और बीट रक्षक नीलेश कांबले ने ग्रामीणों से वन विभाग की ओर से जारी सुरक्षा संबंधी सूचनाओं का तत्काल पालन करने का आह्वान किया है। फिलहाल पालांदूर क्षेत्र में जंगली जानवरों की बढ़ती गतिविधियों ने किसानों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन के साथ-साथ नागरिकों की सतर्कता भी बेहद जरूरी है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि लोगों को अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जंगल में जाने से बचना चाहिए।
