Desk | Bhandara
तीन घंटे में आरोपी गिरफ्तार संत जगनाडे चौक में आधी रात को सनसनी कुछ दिनों पहले उधार दिए गए 3 हजार रुपये वापस नहीं मिलने के विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त की चाकू मारकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज घटना भंडारा शहर के संत जगनाडे चौक स्थित विघ्नहर्ता होटल के पास सोमवार रात करीब 11:20 से 11:30 बजे के बीच हुई। मृत युवक का नाम विशाल उर्फ रजत विजय लिमजे (28, लाला लजपत राय वार्ड, भंडारा) है।
पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर आरोपी गोविंद गोपाल नेवारे (26, देशबंधु वार्ड, हलधरपुरी, भंडारा) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार विशाल और गोविंद के बीच गहरी दोस्ती थी। इसी दौरान विशाल ने कुछ दिन पहले गोविंद को 3 हजार रुपये उधार दिए थे। बार-बार मांग करने के बावजूद गोविंद ने पैसे वापस नहीं किए। उसने केवल 500 रुपये लौटाए थे, जबकि बाकी ढाई हजार रुपये को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद हो रहा था। सोमवार रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान पैसों को लेकर फिर झगड़ा शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर गुस्से में गोविंद घर गया और चाकू लेकर वापस आया। उस समय विशाल चौक में ही मौजूद था। गोविंद ने उसके पेट में जोरदार चाकू घोंप दिया। हमला इतना खतरनाक था कि उसकी आंतें बाहर आ गईं।
विशाल खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी मौके से टाकली रोड की ओर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उल्हास भुसारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि मृतक विशाल बचपन से ही अनाथ था। उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। वह अपने मामा के यहां रहकर जीवनयापन करता था और शहर के अलग-अलग बार में काम करता था। हत्या के बाद आरोपी गोविंद टाकली रोड स्थित एक तालाब में छिपकर बैठा था। पुलिस ने करीब दो किलोमीटर के इलाके में तलाश अभियान चलाया और तड़के करीब 2 बजे उसे तालाब से पकड़ लिया। गिरफ्तारी के समय भी वह नशे की हालत में था। भंडारा शहर में पिछले 10 दिनों में यह दूसरी हत्या की घटना है। इससे पहले 9 मई की रात पुराने विवाद में जलाराम चौक पर कार्तिक भंडारी नामक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से शहर में दहशत का माहौल है।
