Top 5 This Week

Related Posts

NAGPUR : शराब की लत ने उजाड़ा हंसता-खेलता परिवार, युवक ने ज़हर खाकर दी जान

DESK | BHIWAPUR

महाराष्ट्र के कारगांव गांव से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। शराब की लत और पारिवारिक तनाव से परेशान एक 35 वर्षीय युवक ने ज़हरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

मृतक की पहचान नरेश श्रीपत ठवकर (35) निवासी कारगांव के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब 9 बजे नरेश ने सेल्फास नामक विषैले पदार्थ का सेवन कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

मेहनती युवक था नरेश, लेकिन शराब की लत ने बर्बाद किया परिवार

बताया जा रहा है कि नरेश के परिवार में माता-पिता, बड़ा भाई, भाभी, पत्नी और तीन साल की मासूम बेटी है। परिवार के पास करीब सात एकड़ खेती भी है। इसके बावजूद नरेश गांव में मालवाहक गाड़ी पर हमाली का काम कर परिवार की मदद करता था।

ग्रामीणों के अनुसार नरेश मेहनती और शांत स्वभाव का युवक था, लेकिन धीरे-धीरे उसे शराब की लत लग गई। इसी वजह से घर में आए दिन विवाद होने लगे और पारिवारिक रिश्तों में तनाव बढ़ता गया।

पत्नी मायके चली गई, मानसिक तनाव में था युवक

रोजाना होने वाले झगड़ों से परेशान होकर उसकी पत्नी अपनी तीन साल की बेटी को लेकर मायके चली गई थी। पत्नी और बेटी के दूर जाने के बाद नरेश मानसिक तनाव में रहने लगा था। इसी तनाव में उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

गांव में अवैध शराब बिक्री पर उठे सवाल

इस घटना के बाद कारगांव गांव में अवैध शराब बिक्री को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लाइसेंसी शराब दुकान नहीं होने के बावजूद गली-गली में अवैध शराब खुलेआम बेची जा रही है। इससे कई परिवार बर्बादी की कगार पर पहुंच रहे हैं।

यह हृदयविदारक घटना एक बार फिर शराब की लत और अवैध शराब कारोबार के गंभीर दुष्परिणामों को उजागर करती है।