डेस्क | Nagpur
नागपुर में नाबालिग पर जानलेवा हमला, दोस्त की बेरहमी से हत्या से सनसनी
नागपुर के कळमना इलाके में दोस्ती को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। तीन दोस्तों ने मुलाकात के बहाने एक नाबालिग युवक को सुनसान मैदान में बुलाकर उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में 17 वर्षीय युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई, जबकि उसे बचाने पहुंचे दूसरे युवक को भी आरोपियों ने बुरी तरह पीटा।
मृतक की पहचान जोहरान मुस्तफा शेख (17), निवासी वाजपेयी नगर के रूप में हुई है। घटना मंगलवार आधी रात अशरफी मस्जिद के पीछे मैदान में हुई। बताया जा रहा है कि जोहरान को उसके एक दोस्त ने फोन कर मिलने बुलाया था। वहां पहुंचते ही तीनों आरोपियों ने उसे अलग ले जाकर अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने जोहरान के गले, सिर और कान के पास धारदार हथियार से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल जोहरान खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ा। उसे बचाने पहुंचे उसके दोस्त पर भी हमला किया गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने घायल जोहरान को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
मृतक की मां सोनिया मुस्तफा शेख की शिकायत पर कळमना पुलिस ने एक विधिसंघर्षग्रस्त बालक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग या शादी समारोह में डीजे पर नाचते समय हुए विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है।
अंबाझरी में शराब पार्टी बनी खूनी संघर्ष (दूसरी घटना)
खाने को लेकर दोस्तों में विवाद, युवक पर जानलेवा हमला
वहीं नागपुर के अंबाझरी इलाके में शराब पार्टी के दौरान मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पांढराबोडी इलाके में रात करीब 11 बजे तीन युवकों ने अपने ही दोस्त पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक की पहचान विकास गडपायले के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, विकास अपने दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान खाने को लेकर कहासुनी हुई और विवाद बढ़ने पर तीनों ने विकास पर हमला कर दिया।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने घायल विकास को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि हमलावरों के नाम सामने आने के बावजूद अंबाझरी पुलिस कार्रवाई में ढिलाई बरत रही है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
