Top 5 This Week

Related Posts

BREAKING

NAGPUR : नागपुर में 30 लाख की ज्वेलरी चोरी का मामला, आरोपी गिरफ्तार !

Desk | nagpur

नागपुर : नागपुर शहर में बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाकर लूटपाट और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपी को क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान क्लेमेट उर्फ रोहित यूजन पिल्ले के रूप में हुई है। वह मानकपुर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के दौरान सदर, गिट्टीखदान और मानकपुर क्षेत्र में हुई कुल पांच वारदातों का खुलासा होने की जानकारी दी है। फिलहाल पुलिस चोरी और लूटपाट के मामलों में लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के लिए पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, सदर पुलिस थाना क्षेत्र के गड्डी गोदाम इलाके में आरोपी कथित तौर पर 82 वर्षीय हिलडा एलेक्जेंडर एंथनी के घर में लूटपाट के इरादे से घुसा था। घर में महिला को अकेला देखकर उसने उन्हें बंधक बना लिया और लकड़ी के डंडे से सिर पर वार कर घायल कर दिया। इसी दौरान महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों को हलचल का पता चला। लोगों के आने की आहट मिलते ही आरोपी बिना लूटपाट किए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के साथ आरोपी की गतिविधियों की पड़ताल की। जांच में आरोपी पैदल रेलवे स्टेशन पहुंचकर वर्धा जाने वाली ट्रेन में सवार होता दिखाई दिया। पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। नागपुर लौटने पर क्राइम ब्रांच यूनिट-2 की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने सदर क्षेत्र की कराची गली स्थित पारस ज्वेलर्स में हुई चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त की सुबह आरोपी कथित तौर पर दुकान में पहुंचा और करीब 30 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गया था। बताया जा रहा है कि आरोपी दुकान संचालक पंकज गोलछा को पहले से जानता था और नियमित ग्राहक के रूप में दुकान पर आता था। इस मामले में भी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की थी। पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर की रात गिट्टीखदान थाना क्षेत्र की एहबाब कॉलोनी में भी लूटपाट की वारदात हुई थी। आरोपी कथित तौर पर राजा शरीफ के घर पहुंचा और उनकी 82 वर्षीय मां को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की। इसके बाद वह महिला की सोने की चूड़ी और गले की चेन लेकर फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, राजा शरीफ पहले एक मामले में पीड़ित महिला की मदद कर चुके थे। उस मामले में क्लेमेट उर्फ रोहित पिल्ले आरोपी था। इसी रंजिश के चलते उसने कथित तौर पर बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने गिट्टीखदान क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट और लूटपाट की एक अन्य वारदात में शामिल होने की बात भी स्वीकार की है।

इसके अलावा, उसने मानकपुर क्षेत्र में अपने चाचा के घर चोरी करने की बात भी पूछताछ में बताई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर लूटपाट से मिले पैसों को होटलों में रहने और मौज-मस्ती पर खर्च करता था। उसकी वारदातों की एक खास बात यह सामने आई कि वह अपने परिचितों और रिश्तेदारों को भी निशाना बनाता था। फिलहाल क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई के लिए सदर पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस अब विभिन्न मामलों में चोरी और लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के लिए उससे पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।