Top 5 This Week

Related Posts

GADCHIROLI : दोस्ती के पीछे मौत का खेल!”

Desk | Gadchiroli

बहन को अपशब्द कहने का लिया बदला, गुरवला जंगल में हुई सनसनीखेज वारदात गढ़चिरौली जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक ही स्कूल में पढ़ने और साथ खेलने वाले दो नाबालिग दोस्तों के बीच हुए झगड़े के बाद एक दोस्त ने दूसरे की बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार मृतक का नाम बाबल कासारकर (17 वर्ष) है, जबकि आरोपी का नाम भालचंद्र दुर्वे बताया जा रहा है। यह घटना 19 मई की रात गुरवला क्षेत्र के जंगल में हुई थी, लेकिन इसका खुलासा 21 मई को पुलिस जांच के दौरान हुआ। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले दोनों दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे और अच्छे दोस्त भी थे, लेकिन यह मामूली झगड़ा आरोपी के मन में दुश्मनी बनकर बैठ गया।

आरोपी ने बदला लेने की ठान ली और योजना बनाकर बाबल को जंगल में बुलाया। 19 मई की रात आरोपी ने बाबल को फोन कर घूमने के बहाने अपने साथ जंगल की ओर ले गया। वहां पहले दोनों के बीच बातचीत हुई, लेकिन अचानक आरोपी ने लोहे की रॉड निकालकर बाबल के सिर पर हमला कर दिया। आरोपी ने लगातार कई वार किए, जिससे बाबल गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। ज्यादा खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या करने के बाद आरोपी घबरा गया और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करने लगा। वह खुद गढ़चिरौली पुलिस स्टेशन पहुंचा और तबीयत खराब होने का बहाना बनाते हुए झूठी कहानी सुनाई। आरोपी ने पुलिस के सामने ‘अभी’ नाम के एक काल्पनिक व्यक्ति का जिक्र किया और पूरी घटना को दूसरी दिशा देने की कोशिश की। हालांकि पूछताछ के दौरान आरोपी के बयान में कई विरोधाभास सामने आए। कभी वह अलग कहानी बताता तो कभी अलग। पुलिस को शक हुआ और सख्ती से पूछताछ की गई। आखिरकार आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मृतक बाबल ने आरोपी की बहन के बारे में कुछ आपत्तिजनक शब्द कहे थे। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने बदला लेने की ठान ली थी। उसने पहले से योजना बनाकर बाबल को जंगल में बुलाया और वहां उसकी हत्या कर दी। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। दोनों ही नाबालिग थे और स्कूल में साथ पढ़ते थे। छोटी सी बात पर इस तरह की हत्या होने से इलाके में डर और तनाव का माहौल बना हुआ है। लोग इस घटना को लेकर हैरानी जता रहे हैं कि आखिर दोस्ती इतनी बड़ी दुश्मनी में कैसे बदल गई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।