Top 5 This Week

Related Posts

BREAKING

AMRAVATI : 475 वोटों के लिए जिले के विकास कार्य ठप!

Desk | Amravati

बारिश से पहले जरूरी काम अटके, विधान परिषद चुनाव ने बिगाड़ा पूरा प्लान जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए लागू आचार संहिता के कारण जिलेभर में विकास कार्यों की रफ्तार थम गई है। महज 475 मतदाताओं वाली इस चुनाव प्रक्रिया का असर पूरे जिले के कामकाज पर पड़ रहा है। बारिश का मौसम नजदीक होने के बावजूद कई जरूरी काम अधर में लटक गए हैं, जिससे नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इस चुनाव में जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सभापति, नगराध्यक्ष और नगर पंचायत सदस्यों को मतदान का अधिकार दिया गया है। कुल मतदाताओं की संख्या केवल 475 है, लेकिन चुनाव आचार संहिता लागू होने से पूरे जिले में नए विकास कार्यों की मंजूरी पर रोक लगा दी गई है।

इतना ही नहीं, पहले से शुरू परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया भी रोक दी गई है, जिसके कारण कई काम आधे-अधूरे हालात में फंस गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क मरम्मत, पानी आपूर्ति योजनाएं, नालियों की सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े काम सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। बारिश शुरू होने से पहले इन कामों को पूरा करना जरूरी माना जा रहा था, लेकिन प्रशासनिक प्रतिबंधों के चलते निर्णय लेने में देरी हो रही है। वहीं, स्कूलों की मरम्मत का काम भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जिले में 15 जून से स्कूल शुरू होने वाले हैं, लेकिन कई स्कूल भवनों की मरम्मत अब तक पूरी नहीं हो सकी है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। कई स्कूलों की छत, दीवार और परिसर सुधार कार्य अभी अधूरे पड़े हैं। ग्रामीण इलाकों में सड़क और नालों की समय पर मरम्मत नहीं होने से बारिश के दौरान लोगों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है। इसी वजह से स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने आचार संहिता में कुछ हद तक राहत देने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि इतने कम मतदाताओं वाले चुनाव के कारण पूरे जिले के विकास कार्य रोकना उचित नहीं है। हालांकि जिला चुनाव अधिकारियों ने साफ किया है कि आचार संहिता का सख्ती से पालन किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार सभी कार्रवाई नियमों के तहत की जा रही है और चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही रुके हुए विकास कार्य दोबारा शुरू किए जाएंगे।