Top 5 This Week

Related Posts

BREAKING

AMRAVATI : अमरावती में सूरज का कहर

Desk | Amravati

उमाघात से फिर दो लोगों की मौत भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान ने अमरावती जिले में लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। पिछले एक सप्ताह से जिले में सूर्य मानो आग उगल रहा है। तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से पूरा शहर भीषण गर्मी की चपेट में है। तेज धूप और उमस के कारण दिनभर सड़कें सुनसान नजर आ रही हैं और लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। इसी बीच उमाघात (हीट स्ट्रोक) से दो और लोगों की मौत होने की खबर सामने आने से पूरे शहर में दहशत का माहौल बन गया है। बीते 24 घंटों में अलग-अलग इलाकों में कुल सात लोगों की मौत ने प्रशासन और नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार, स्थानीय किशोर नगर क्षेत्र निवासी 77 वर्षीय विठ्ठलराव किसनजी तावरेडे की तबीयत 24 मई को अचानक बिगड़ गई थी। अत्यधिक गर्मी और चक्कर आने के कारण उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

दूसरी घटना अंबेडकर नगर इलाके में सामने आई, जहां एक व्यक्ति को भीषण गर्मी के कारण गंभीर उमाघात हुआ था। उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इन दोनों घटनाओं के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। राजापेठ पुलिस ने दोनों मामलों में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के गौरव नगर इलाके में एक व्यक्ति का शव उसके घर में मिला। प्राथमिक अनुमान के मुताबिक उसकी मौत भी अत्यधिक गर्मी और शरीर में पानी की कमी के कारण हुई हो सकती है। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। 23 मई को भी शहर के कई हिस्सों में दस से अधिक लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। लोगों को उल्टी, घबराहट, चक्कर आना, बेचैनी और सांस लेने में तकलीफ जैसी शिकायतें होने लगीं, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पतालों में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक इनमें से कुछ मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है। शहर के सरकारी और निजी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। चिकित्सकों का कहना है कि लगातार बढ़ते तापमान, शरीर में पानी की कमी और तेज गर्म हवाओं का लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है। खासतौर पर छोटे बच्चे, बुजुर्ग, मजदूर, सड़क पर काम करने वाले श्रमिक और पहले से बीमार लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों तक विदर्भ क्षेत्र में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहने की चेतावनी दी है। प्रशासन ने नागरिकों से दोपहर के समय बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलने की अपील की है। साथ ही अधिक मात्रा में पानी पीने, सिर को कपड़े से ढंककर रखने और धूप से बचाव करने की सलाह भी दी गई है।.