Desk | Gadchiroli
प्रतिबंध के बावजूद शराब बिक्री की कोशिश नाकाम तालुका के वडेगांव गांव में, जहां पिछले तीन वर्षों से पूरी तरह शराबबंदी लागू है, वहां अवैध शराब बिक्री का मामला सामने आया है। गांव में चोरी-छिपे शराब लाकर बेचने की सूचना मिलते ही महिला ग्राम संगठन ने तुरंत ‘मुक्तिपथ’ टीम को इसकी जानकारी दी। इसके बाद संयुक्त कार्रवाई करते हुए 181 देशी शराब की बोतलों और एक दोपहिया वाहन को जब्त किया गया। गोपनीय सूचना के आधार पर मुक्तिपथ टीम और वडेगांव महिला ग्राम संगठन की सदस्यों ने गांव के दो संदिग्ध घरों की जांच की। इस दौरान निलेश कोवाची के घर में बड़ी मात्रा में देशी शराब का जखीरा मिला।
महिलाओं ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए 181 देशी शराब की बोतलें बरामद कीं। घटना की जानकारी मिलते ही कुरखेड़ा पुलिस को बुलाया गया। पुलिस की मौजूदगी में अवैध शराब बिक्री का खुलासा किया गया। इस दौरान ग्राम पंचायत सदस्य भी मौजूद थे। महिलाओं ने शराब विक्रेताओं को दी कड़ी चेतावनी गांव में पिछले तीन वर्षों से शराबबंदी लागू होने के बावजूद दोबारा शुरू हुई इस अवैध गतिविधि को लेकर महिलाओं में भारी नाराजगी देखी गई। महिला संगठन ने चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी हालत में गांव में शराब बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शराब का जखीरा और दोपहिया वाहन जब्त किया तथा आरोपी निलेश कोवाची के खिलाफ मामला दर्ज किया। इस कार्रवाई में पुलिस उपनिरीक्षक ताराम, पुलिस हवलदार अजयकुमार सुरदुसे, पुलिस सिपाही भांडेकर, खेवले, महिला पुलिस सिपाही प्रधान और दोनारकर शामिल रहे। साथ ही मुक्तिपथ तालुका संयोजिका शारदा मेश्राम, वडेगांव महिला ग्राम संगठन की अध्यक्ष बायजा कुमरे, उपाध्यक्ष विमल गावले, सचिव सिंधुबाई कोवाची समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं।
