Top 5 This Week

Related Posts

WARDHA : दोस्ती का खूनी अंत

Desk | Wardha

आरोपी गिरफ्तार, इतवारा इलाके में सनसनी मंदिर के पास बैठकर बातचीत कर रहे दो दोस्तों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक दोस्त ने दूसरे की चाकू मारकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज घटना 18 मई की रात करीब 11:50 बजे इतवारा क्षेत्र स्थित नवदुर्गा माता मंदिर परिसर में हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 19 मई की सुबह करीब 4 बजे गिरफ्तार कर लिया। मृतक की पहचान अवधूत फुलझेले (35, निवासी फ्रूट मंडी, इतवारा) के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार आरोपी का नाम रवी गोविंद गंगावणे (42, निवासी इतवारा) बताया गया है। दोनों आपस में अच्छे दोस्त थे। जानकारी के अनुसार, दोनों रात के समय नवदुर्गा मंदिर के पास बैठकर बातचीत कर रहे थे।

इसी दौरान अवधूत ने कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी। “गाली क्यों दे रहे हो?” इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। गुस्से में आकर रवी ने पास में रखा चाकू निकाला और अवधूत पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद शहर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। नागेश फुलझेले की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खून से सने कपड़े और वारदात में इस्तेमाल चाकू भी जब्त कर लिया है।

आरोपी को 19 मई को न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजने के आदेश दिए। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सौरभकुमार अग्रवाल और उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद मकेश्वर के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक संतोष ताले के नेतृत्व में सहायक पुलिस निरीक्षक प्रमोद रासकर, इम्रान खिल्लची, थेमसिंग कोहचडे और विजय खाडे की टीम ने की।