Desk | Nagpur
चालक का नियंत्रण छूटने से तेज रफ्तार ईंटों से भरा ट्रक पलट गया। ट्रक में लदी ईंटों के नीचे दबने से तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा मंगलवार (19 मई) सुबह करीब 6 बजे काटोल पुलिस थाना क्षेत्र के सावनेर-तेलकामठी-घुबडमेट मार्ग पर इसापुर गांव के पास हुआ। मृतकों की पहचान संजय सुदाम कन्हेरे (44), लीलाधर विष्णु वालूलकर (40) और अजित नीलकंठ भलावी (40) के रूप में हुई है।
वहीं घायलों में राजेंद्र राजगुरु, हेमराज लक्ष्मण कन्हेरे और सुभाष जयराम धुर्वे शामिल हैं। सभी मजदूर मोवाड, तहसील नरखेड़ के निवासी थे और मजदूरी कर अपना जीवनयापन करते थे। जानकारी के अनुसार, सभी मजदूर एमएच-23/एयू-3235 नंबर के ट्रक में ईंटें भरने के लिए वाकी (तहसील सावनेर) गए थे। ईंटें भरने के बाद सभी मजदूर ट्रक में ही ईंटों के ऊपर सो गए और ट्रक मोवाड शहर की ओर रवाना हुआ। इसी दौरान इसापुर गांव के पास चालक का नियंत्रण ट्रक से हट गया, जिससे ट्रक सड़क से नीचे उतरकर अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया जा रहा है कि ट्रक प्रवीण उर्फ गोलू बले, निवासी मोवाड, तहसील नरखेड़ का है और वही ट्रक चला रहा था। आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने के कारण हादसा हुआ। हालांकि दुर्घटना में चालक को मामूली चोट भी नहीं आई और ट्रक पलटते ही वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिकों ने राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। तब तक तीन मजदूरों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया तथा घायलों को इलाज के लिए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए काटोल ग्रामीण अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच थाना प्रभारी रणजीत शिरसाठ के मार्गदर्शन में निलेश उईके और अमोल वाघ कर रहे हैं।
