Desk | Akola
बीच सड़क पत्नी की चाकू मारकर हत्या, पति गिरफ्तार
डाबकी रोड स्थित जकात नाके के पास रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घरेलू विवाद के चलते पति ने पत्नी पर बीच सड़क चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मंदा दीपक गुडदे (45) के रूप में हुई है। वह अपनी दो बेटियों के साथ रह रही थीं। जानकारी के अनुसार, मंदा और उनके पति दीपक दगडू गुडदे (50, निवासी कलोरी, तहसील खामगांव) के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था।
रविवार सुबह मंदा दूध लेने के लिए घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान दीपक वहां पहुंचा और दोनों के बीच फिर विवाद शुरू हो गया। गुस्से में आकर दीपक ने मंदा पर चाकू से तीन से चार वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल मंदा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना देखकर दुकानदार राजेश साखरे ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि मंदा की बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
