Top 5 This Week

Related Posts

NAGPUR : चैंबर हादसे में 2 मजदूरों की मौत

Desk | Nagpur

 

बुटीबोरी एमआईडीसी में चैंबर में सफाई के दौरान दो मजदूरों की मौत, ठेकेदार गौरव पुरी गिरफ्तार एमआईडीसी (बुटीबोरी) के के-3 प्लॉट के सामने सीवेज पाइपलाइन के चैंबर में सफाई कार्य के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से दो मजदूरों की शनिवार को दर्दनाक मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने ठेकेदार गौरव पुरी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतकों की पहचान प्रशांत मंजुळे(52), निवासी शांतिमाता नगर, खरबी रोड, नागपुर और राहुल मडावी (28), निवासी सावली, कान्होलीबारा, हिंगणा के रूप में हुई है। वहीं सुरेश अमरलाल पातेकर (61), निवासी प्रभाग क्रमांक 2, दुर्गामाता मंदिर परिसर, बुटीबोरी की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका बुटीबोरी के अस्पताल में इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को ठेकेदार गौरव पुरी के कहने पर प्रशांत मंजुळे, राहुल मडावी और सुरेश पातेकर सीवेज की बंद पाइपलाइन के चैंबर में सफाई करने के लिए उतरे थे। आरोप है कि उन्हें बिना किसी सुरक्षा उपकरण और सुरक्षा व्यवस्था के बंद चैंबर में उतारा गया। सफाई के दौरान सीवेज में मौजूद केमिकल्स से निकली जहरीली गैस के कारण तीनों का दम घुटने लगा। शनिवार शाम करीब 7 बजे इस घटना की जानकारी सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चैंबर खोलकर तीनों को बाहर निकाला।

सुरेश पातेकर को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि प्रशांत मंजुळे और राहुल मडावी की इलाज से पहले ही मौत हो चुकी थी। इस मामले में एमआईडीसी (बुटीबोरी) पुलिस स्टेशन में ठेकेदार गौरव पुरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और मैन्युअल स्कैवेंजर कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।