डेस्क | नागपुर
उपराजधानी के रामदासपेठ इलाके में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला ‘हिट एंड रन’ का मामला सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने साइकिल से जा रहे एक बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी (CCTV) फुटेज के जरिए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
बागवानी का काम करने निकले थे बुजुर्ग
मृतक की पहचान श्यामलल मेढाई वर्मा (उम्र 70 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। वर्तमान में श्यामलाल नागपुर के काचीपुरा इलाके में तुलसीदास कश्यप नामक व्यक्ति के घर पर किराए से रहते थे। वह रामदासपेठ और आसपास के परिसरों में लोगों के घरों में बागवानी (Gardening) का काम कर अपना गुजारा करते थे।
सुबह 5 बजे हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमेशा की तरह शुक्रवार (15 मई) की सुबह करीब 5:00 बजे श्यामलाल अपनी साइकिल लेकर बागवानी के काम के लिए घर से निकले थे। जैसे ही वह रामदासपेठ स्थित ‘वेस्ट कोर्ट अपार्टमेंट’ के सामने पहुंचे, तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार कार काल बनकर आई और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार: सुबह के वक्त सन्नाटा होने के कारण टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि परिसर के नागरिक तुरंत अपने घरों से बाहर निकल आए। जब लोग मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने श्यामलाल को लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़ा पाया। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि बुजुर्ग को संभलने का मौका तक नहीं मिला और गंभीर चोटें आने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
स्थानीय नागरिकों ने तुरंत इस हादसे की सूचना सीताबर्डी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया।
सीताबर्डी पुलिस ने इस मामले में अज्ञात कार चालक के खिलाफ ‘हिट एंड रन’ (लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब वेस्ट कोर्ट अपार्टमेंट और परिसर के अन्य रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार कार का नंबर और आरोपी चालक की पहचान की जा सके।
