डेस्क | Akola
महाराष्ट्र के अकोला जिले में सामने आए सनसनीखेज डबल सुसाइड मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच में मानसिक प्रताड़ना और धमकियों के चलते आत्महत्या करने की बात सामने आई है। मामले में निलेश मोतीराम चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि महिला आरोपी पूजा निलेश चौधरी फरार बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान किशोर बळीराम सोनटक्के (40) निवासी कानडी, जिला अकोला और किशोर मारोती बोडखे (60) निवासी वरुड, जिला वाशिम के रूप में हुई है। दोनों ने एक ही रस्सी से पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
मृतकों द्वारा छोड़ी गई सुसाइड नोट और आखिरी कॉल रिकॉर्डिंग के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई तेज की। सुसाइड नोट में दोनों आरोपियों द्वारा मानसिक उत्पीड़न, धमकी और ब्लैकमेलिंग का उल्लेख किया गया है।
बार्शिटाकळी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी निलेश चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। फरार महिला आरोपी पूजा की तलाश जारी है। इस सनसनीखेज मामले की जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में जारी है।
