डेस्क | Amravati
तेज रफ्तार आयशर ने बैरिकेड्स तोड़ कॉन्स्टेबल को कुचला
नागपुर के अमरावती रोड पर देर रात पुलिस नाकाबंदी के दौरान एक तेज रफ्तार आयशर वाहन ने बैरिकेड्स तोड़ते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस कॉन्स्टेबल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कॉन्स्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि आरोपी चालक को पुलिस ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया।
नाकाबंदी के दौरान हुआ खौफनाक हादसा
मंगलवार 12 मई की रात अमरावती रोड स्थित हाईवे ग्लोरी होटल के सामने एमआईडीसी ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष नाकाबंदी अभियान चलाया जा रहा था। पीएसआई रतन उंबरकर, हेड कॉन्स्टेबल नारायण चौधरी, प्रफुल्ल, कॉन्स्टेबल सुजित, प्रतीक और संतोष वाहनों की जांच कर रहे थे।
पुलिस के इशारे को नजरअंदाज कर चढ़ाया वाहन
इसी दौरान वाडी नाका की ओर से तेज गति में आ रहे एमएच 32 एजे 3060 नंबर के आयशर वाहन पर पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय सीधे बैरिकेड्स पर चढ़ा दिया।
जोरदार टक्कर में कॉन्स्टेबल गंभीर घायल
टक्कर इतनी भीषण थी कि बैरिकेड्स हवा में उछल गए और कॉन्स्टेबल संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए। डॉक्टरों के अनुसार उनके दाहिने पैर और कंधे में फ्रैक्चर हुआ है। घायल पुलिसकर्मी का आर्य सिटी हॉस्पिटल में इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
एक किलोमीटर तक भागा आरोपी चालक
हादसे के बाद भी आरोपी चालक वाहन लेकर करीब एक किलोमीटर तक भागता रहा। हालांकि पीएसआई रतन उंबरकर और उनकी टीम ने तुरंत पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया। इस दौरान पीएसआई उंबरकर के हाथ में भी हल्की चोट आई।
शराब के नशे में चला रहा था वाहन
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही एमआईडीसी ट्रैफिक विभाग के एपीआई धुमाळ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वार्ड पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में आक्रोश का माहौल है।
