DESK | Mumbai
रायगढ़ जिले के मुरुड तालुका में फिरौती और धमकी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रेवदंडा पुलिस ने कारोबारी से 2.5 लाख की फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
कारोबारी को हाथ-पैर तोड़ने की धमकी
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, विक्रोळी निवासी 65 वर्षीय आयुब खान ने बताया कि नवंबर 2024 से 11 अप्रैल 2026 के बीच आरोपी ने मांडला और बोर्ली इलाके में उनसे बार-बार पैसों की मांग की। आरोप है कि आरोपी ने कहा कि यदि ढाई लाख रुपये नहीं दिए गए तो “हाथ-पैर तोड़ दिए जाएंगे” और कंपनी के काम में लगातार अड़चनें पैदा की जाएंगी।
हाईकोर्ट की याचिका वापस लेने के लिए मांगी रकम
सूत्रों के मुताबिक, शिकायतकर्ता जिस कंपनी में कार्यरत हैं, उस कंपनी की मांडला स्थित जमीन को लेकर मुंबई उच्च न्यायालय में एक याचिका दाखिल की गई थी। आरोप है कि वही शिकायत वापस लेने और जमीन तक पहुंचने के लिए बनाए जा रहे पुल के काम में बाधा न डालने के बदले आरोपी ने फिरौती मांगी।
होटल और घर पर ली गई रकम का आरोप
इतना ही नहीं, आरोपी पर यह भी आरोप है कि उसने दिसंबर 2025 में बोर्ली के एक होटल में 25 हजार रुपये और 11 अप्रैल 2026 को मांडला स्थित घर पर फिर 25 हजार रुपये स्वीकार किए। साथ ही कंपनी के खिलाफ दाखिल पीआईएल वापस लेने के लिए करोड़ों रुपये की मांग भी की गई थी।
पुलिस ने शुरू की विस्तृत जांच
फिलहाल रेवदंडा पुलिस ठाणे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गतिविधियों की विस्तृत पड़ताल शुरू कर दी गई है।
