डेस्क | Bhandara
नगरसेवक और साथी पर मामला दर्ज, तुमसर में हड़कंप
तुमसर में नगरपरिषद से की गई शिकायत एक नागरिक को भारी पड़ गई। शिकायत का रंजिश मन में रखते हुए एक नगरसेवक और उसके साथी द्वारा युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में काफी चर्चा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नेहरूनगर निवासी आकाश यशवंत झंझाड (34) ने बायपास रोड स्थित दो दुकानों के बीच की दीवार तोड़कर एक किए जाने की शिकायत नगरपरिषद में की थी। साथ ही अतिक्रमण के फोटो भी लिए गए थे। इसी बात से नाराज होकर आरोपी पंकज वसंतराव बालपांडे और अमित कुरंजेकर ने आकाश को फोन कर विनोबानगर इलाके में बुलाया।
बताया गया कि 6 मई की सुबह करीब 11 बजे जैसे ही आकाश वहां पहुंचे, दोनों आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। “शिकायत क्यों की?” इस बात को लेकर पहले गाली-गलौज की गई और फिर थप्पड़ व मुक्कों से मारपीट की गई। इतना ही नहीं, दोबारा शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।
घटना के बाद पीड़ित सीधे तुमसर पुलिस स्टेशन पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 115(2), 351(2) और 352 के तहत अपराध क्रमांक 211/2026 दर्ज किया है। सौभाग्य से पीड़ित को गंभीर चोट नहीं आई, जिसके चलते उन्होंने अस्पताल में इलाज कराने से इनकार कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
