Desk | Yavatmal
यवतमाल स्थानीय स्वराज्य संस्था निर्वाचन क्षेत्र की विधान परिषद चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। महाविकास आघाड़ी की ओर से घोषित उम्मीदवार कांग्रेस के साहेबराव कांबळे ने सहयोगी दलों के नेताओं के साथ सोमवार को अपना नामांकन दाखिल किया। वहीं महायुति की ओर से शिवसेना के दुष्यंत चतुर्वेदी ने भी अंतिम दिन नामांकन पत्र जमा किया। इसके अलावा भाजपा के नितीन भुतड़ा तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के साजीद बेग और सय्यद फारुख ने अपक्ष उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 4 जून है। उसी दिन चुनावी मुकाबले की वास्तविक तस्वीर साफ होगी। इस चुनाव के लिए कुल 20 इच्छुक उम्मीदवारों ने 48 नामांकन पत्र लिए थे, लेकिन नामांकन दाखिल करने के लिए 10 नगरसेवकों के समर्थन की अनिवार्यता होने के कारण केवल पांच उम्मीदवार ही मैदान में उतर सके। नामांकन दाखिल करने से पहले महाविकास आघाड़ी के प्रमुख नेताओं की दारव्हा रोड स्थित एक होटल में बैठक हुई। इसके बाद सभी नेता जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे।
इस दौरान साहेबराव कांबळे के साथ सांसद संजय देशमुख, विधायक संजय देरकर, विधायक बालासाहेब मांगूलकर, माणिकराव ठाकरे, शिवाजीराव मोघे, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सचिन नाईक, बाबासाहेब गाडे पाटील, वर्षाताई निकम सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। दूसरी ओर शिवसेना उम्मीदवार दुष्यंत चतुर्वेदी ने भी धामणगांव रोड स्थित होटल में नगरसेवकों की बैठक आयोजित की और उसके बाद नामांकन दाखिल किया। उनके साथ जिले के पालकमंत्री संजय राठोड, पवन जयस्वाल और शिवसेना के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित थे। भाजपा उम्मीदवार नितीन भुतड़ा भी भाजपा नगरसेवकों के साथ जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। इस दौरान विधायक किसन वानखड़े, पूर्व विधायक एडवोकेट नीलय नाईक, प्रकाश पाटील देवसरकर, देवानंद पवार और राजू पडगीलवार समेत कई नेता मौजूद रहे। नामांकन प्रक्रिया के दौरान जिला कलेक्टर कार्यालय परिसर में समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली। पालकमंत्री संजय राठोड ने स्पष्ट किया कि महायुति में यवतमाल की सीट शिवसेना के हिस्से में आई है और पूर्व विधायक दुष्यंत चतुर्वेदी ही अधिकृत उम्मीदवार हैं। उन्होंने दावा किया कि इस चुनाव में महायुति की 100 प्रतिशत जीत होगी। वहीं भाजपा उम्मीदवार नितीन भुतड़ा ने कहा कि उन्होंने नामांकन दाखिल किया है, लेकिन पार्टी नेतृत्व का निर्णय ही अंतिम होगा। यदि सीट शिवसेना के हिस्से में है तो भाजपा पूरी ताकत से शिवसेना उम्मीदवार के समर्थन में काम करेगी। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के नेता साजीद बेग ने कहा कि उनकी पार्टी भी महायुति का महत्वपूर्ण घटक दल है और जिले में पार्टी का अस्तित्व दिखाने के लिए नामांकन दाखिल किया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व जो भी निर्देश देगा, उसका पूरी निष्ठा से पालन किया जाएगा। विधान परिषद चुनाव के लिए 18 जून को मतदान होगा। जिले में यवतमाल, वणी, केळापुर, राळेगाव, दारव्हा, पुसद और उमरखेड सहित कुल सात मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर नगर परिषदों और नगरपालिकाओं के निर्वाचित सदस्यों के लिए मतदान की व्यवस्था की गई है।
